छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में युवाओं-महिलाओं ने दिखाया उत्साह; पारंपरिक नृत्य से लेकर एथलेटिक्स तक विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित
कोरबा। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के शुभ अवसर पर कोरबा जिले में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025 एवं महिला खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने किया।
जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में चल रहे इस आयोजन में जिलेभर से आए युवाओं और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखते ही बन रही है। पूरे परिसर में ऊर्जा, उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है।
युवा महोत्सव के तहत युवाओं की सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतिभा को निखारने के लिए लोक नृत्य, पंथ नृत्य, राउत नाचा जैसी पारंपरिक विधाओं के अलावा वाद-विवाद, कहानी लेखन, कविता लेखन, चित्रकला, विज्ञान मेला तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।


महिला खेल प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, खो-खो, 100 से 400 मीटर दौड़, वेटलिफ्टिंग, रस्साकसी और बैडमिंटन जैसी रोमांचक स्पर्धाएं शामिल हैं। महिला खिलाड़ियों ने खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। मैदानों पर दर्शकों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का हौसला और बढ़ाया।
शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं एवं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मजबूत माध्यम हैं।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति हमारे सांस्कृतिक आयोजनों में झलकती है, जबकि खेल हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का अवसर देते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और पूर्ण लगन के साथ खेलों में भाग लेने की अपील की।
महापौर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं मंच प्रदान करने के लिए प्रशासन के निरंतर प्रयासों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद श्रीमती धनकुमारी गर्ग, सुशील गर्ग तथा खेल विभाग के रामकृपाल साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए इस महोत्सव को प्रतिभा, संस्कृति और खेल भावना के उत्कृष्ट संगम की संज्ञा दी।
इस आयोजन से युवाओं और महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है तथा स्थानीय स्तर पर खेल और संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जगी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















