वितरण कंपनी का इंजीनियर पार्क में लगा रहा अवैध हाई टेंशन टावर: पावर सिटी कॉलोनीवासी नाराज

नगर निगम नियमों का उल्लंघन बताकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; निर्माण नहीं रोका तो आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। दर्री क्षेत्र की पावर सिटी फेस-1, जेलगांव अयोध्यापुरी कॉलोनी के सार्वजनिक पार्क और बड्डों के वेन परिसर में सीएसपीडीसीएल द्वारा हाई टेंशन विद्युत टावर स्थापित करने के प्रयास का स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध किया है। कॉलोनीवासियों ने दर्री तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।

निवासियों का कहना है कि नगर निगम अधिनियम के तहत पार्क, उद्यान और सार्वजनिक खुली जगहें संरक्षित हैं तथा इनका उपयोग बदलना या नष्ट करना अवैध है। इसके बावजूद सीएसपीडीसीएल के सहायक अभियंता टोप्पो पार्क में अवैध रूप से टावर खड़ा करने का काम कर रहे हैं।

कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह पार्क उनकी कॉलोनी की मुख्य जीवन रेखा है और इसी हरियाली व खुली हवा को ध्यान में रखकर उन्होंने यहां मकान खरीदे थे। पार्क में हाई टेंशन टावर लगाना शहरी नियोजन मानकों और सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

लिखित आपत्ति दर्ज होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखे जाने से नाराज निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग निर्माण नहीं हटाता तो वे धरना, आंदोलन और प्रशासनिक कार्रवाई करने को मजबूर होंगे।