संजय नगर में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग: घर का काफी सामान जलकर खाक, जनहानि नहीं

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर में बुधवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई।

इस हादसे में घर में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार संजय नगर निवासी संतोष केंवट के घर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि किचन में रखे गैस सिलेंडर को चूहे द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के कारण गैस रिसाव हुआ और सिलेंडर में आग लग गई, जिससे पूरा घर चपेट में आ गया।

आग की चपेट में आने से टीवी,फ्रिज,कूलर,अलमारी, पलंग सहित घर का पूरा राशन जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद पति सुजीत राठौर ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार काम पर गया हुआ था और घर में ताला लगा था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मकान मालिक संतोष केंवट ने बताया कि सुबह 9 बजे पूजा-पाठ के बाद वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ काम पर निकल गए थे। कुछ समय बाद फोन के माध्यम से उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली। समय पर दमकल कर्मियों की कार्रवाई से जनहानि टल गई।