गुंडा टैक्स नहीं देने पर वाहनों को नुकसान: दर्री रोड के व्यापारी परेशान, पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

व्यापारी की गाड़ी जलाने की घटना के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार; व्यापारियों ने बैठक कर उठाई सुरक्षा की मांग

कोरबा। दर्री रोड क्षेत्र के व्यापारी इन दिनों बदमाशों के आतंक से परेशान हैं। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में आपराधिक तत्वों का दबदबा लगातार बढ़ रहा है और पुलिस की कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है। एक के बाद एक हो रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

व्यापारियों के अनुसार गुंडा टैक्स नहीं देने पर बदमाश दुकानदारों को धमका रहे हैं और उनकी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। हाल ही में इसी इलाके में एक व्यापारी की चारपहिया वाहन को बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट के बाद आग के हवाले कर दिया।

मामले की शिकायत दर्ज होने और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हालांकि इसके बावजूद क्षेत्र के व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बीती रात व्यापारियों ने बैठक कर हालात पर गंभीर चर्चा की और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष गजानंद अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है और हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आपराधिक तत्व हफ्ता और महीने की वसूली पर आमादा हो गए हैं।

व्यापारियों ने प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि वे भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकें।