पोलियो टीकाकरण अभियान के लिए छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली: ‘दो बूंद जिंदगी की’ का संदेश

सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में आयोजित रैली; 21 दिसंबर से शुरू हो रहा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025

कोरबा। दर्री स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025 की सफलता के लिए जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह अभियान 21 दिसंबर से शुरू हो रहा है, जिसमें 5 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

रैली की अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। इसमें आचार्यगण और कक्षा छठवीं से दसवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से गुजरी, जहां छात्रों ने ‘हर बच्चा, हर टीका, हर जगह’ और ‘पोलियो को हराना है, देश को स्वस्थ बनाना है’ जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया।

प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान भारत सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य पोलियो वायरस के प्रसार को रोकना और देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखना है।