कटघोरा वनमंडल में हाथी का कहर जारी, 24 घंटे में दूसरी महिला की मौत

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा वन परिक्षेत्र के ग्राम बिंझरा में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंगली हाथी के हमले में 24 घंटे के भीतर एक और ग्रामीण महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मीना बाई (36 वर्ष), पति रामकुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मीना बाई अलसुबह बाड़ी की ओर जा रही थीं, इसी दौरान उनका अचानक हाथी से सामना हो गया। हाथी के हमले में मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

इससे पहले ग्राम चैतमा में भी हाथी के हमले की घटना सामने आ चुकी है, जिससे जिले में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और हाथी के आतंक से राहत दिलाने की मांग तेज हो गई है।