कोरबा। चैत्र नवरात्रि का समापन आज माँ सर्वमंगला देवी मंदिर (दुरपा) में हवन-पूजन और कन्या भोज के साथ हुआ। आज सुबह से देर शाम तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महराज) सपत्नीक यजमान के रूप में बैठे और विधि-विधान से हवन-पूजन किया। विद्वान पंडितों एवं आचार्यों के सानिध्य में दिव्य मंत्रोच्चार के साथ सभी देवी-देवताओं का आह्वान कर पूजा-अर्चना की गई।
हवन के दौरान मंत्रोच्चार और शंखनाद से पूरा परिसर गूंज उठा। हवन का सात्विक धुआं चारों ओर फैला, जिससे वातावरण पवित्र हो गया। हवन के बाद देवी स्वरूपा कन्याओं को छप्पन भोग का भोजन कराया गया। नमन पाण्डेय ने सपरिवार कन्याओं का चरण पखारा, चरण वंदन किया और उन्हें उपहार दिए।



कल होगा जवारा विसर्जन
कल गोधूली बेला में जवारा कलश का विसर्जन किया जाएगा। कल माता का नौवां रूप माँ सिद्धिदात्रि की पूजा-अर्चना होगी। शाम 5 बजे नमन पाण्डेय सपत्नीक एवं सपरिवार जवारा कलश की पूजा करेंगे।
इसके बाद महिलाएं जवारा कलश लेकर पवित्र हसदेव घाट तक यात्रा करेंगी, जहां बैगाओं द्वारा पूजा के बाद जवारा कलशों का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान ढोल-ताशों के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसी के साथ 9 दिन की नवरात्रि रूपी महायज्ञ और शक्ति उपासना का महापर्व सम्पन्न हो जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















