कोरबा। रिसदी क्षेत्र में डॉ. शतदल नाथ के फार्म हाउस में सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब देखरेख करने वाला व्यक्ति मुर्गियों को दाना देने गया तो मुर्गी बाड़े में घुसे एक विशाल सांप को चूजे को निगलते हुए देख लिया। डर से सहमा व्यक्ति तुरंत बाहर भागा और डॉ. शतदल नाथ को सूचना दी।
डॉ. नाथ ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को फोन किया। थोड़ी देर बाद जितेंद्र सारथी अपने टीम सदस्य साहिल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों ने बड़ी सावधानी से 8 फीट लंबे धमना सांप को रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान सांप ने शिकार किए हुए 3 मुर्गी के चूजों को उगल दिया। अंत में सांप को सुरक्षित थैले में डाला गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।
डॉ. शतदल नाथ ने बताया कि पहले भी उनके घर और फार्म हाउस में सांप घुस आने की घटना हो चुकी है, तब भी जितेंद्र सारथी की टीम ने मदद की थी। उन्होंने कहा कि जितेंद्र सारथी सदैव समाज की मदद के लिए तत्पर रहते हैं और सूचना मिलते ही पहुंच जाते हैं। रेस्क्यू टीम का कार्य बहुत सराहनीय है।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि कुछ समय से सांप निकलने की सूचनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने अपील की कि जब भी सांप घर या फार्म में घुस जाए तो रेस्क्यू हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर तुरंत कॉल करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















