4 दिन लापता रहने के बाद पंच निर्मला की रहस्यमय वापसी, अपने ही परिजनों पर उठाई उंगली, अविश्वास प्रस्ताव पर सस्पेंस

कोरबा। नाटकीय घटनाक्रम में जनपद पंचायत कोरबा की करूमौहा पंचायत की पंच निर्मला की वापसी हो गई है, जो पिछले 4 दिन से लापता बताई जा रही थी। सिविल लाइन पुलिस थाना पहुंचकर उसने कहा कि किसी ने उसका अपहरण नहीं किया था, बल्कि वह अपनी मर्जी से चंद्रपुर गई थी।

हैरानी की बात यह है कि पंच निर्मला ने उन लोगों पर उंगली उठाई है, जो उसके कुशलता की खबर लेने के लिए उसके माता-पिता के साथ थाना-चौकी और एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। उसने उन्हें षड्यंत्रकारी बताया।

बताना जरूरी होगा कि करूमौहा पंचायत पहले से ही कई विवादों में रही है। सरपंच कविता टांडे के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिस पर 25 मार्च को वोटिंग होनी थी। ठीक उसी दिन पंच निर्मला अपने पति और बच्चे के साथ अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी और कहा था कि सरपंच पक्ष की हार से बचने के लिए ऐसा किया गया है।

25 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक होनी थी, लेकिन एक अन्य पंच मीलाबाई के भी लापता होने की सूचना के बाद तहसीलदार ने वोटिंग को स्थगित कर दिया था। अब निर्मला की वापसी और उसके बयान से पूरा मामला पेचीदा हो गया है।