कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र में बारात के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना पुरानी बस्ती क्षेत्र की है, जहां 25 मार्च की रात करीब 10 बजे एक बारात पहुंची थी। इस दौरान कुछ युवक डीजे की तेज धुन पर वाहनों के ऊपर चढ़कर नाच रहे थे, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
इसी दौरान दुरपा रोड निवासी 24 वर्षीय संदीप भारद्वाज, जो पेशे से कार सर्विस सेंटर में अकाउंटेंट है, ने युवकों को ऐसा न करने की समझाइश दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह बात कुछ युवकों को नागवार गुजरी और वे संदीप से विवाद करने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी पांडु ने धारदार चाकू से संदीप पर हमला कर दिया। आरोपी ने पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन संदीप के पलटने से चाकू का वार उसके कूल्हे के नीचे जा लगा, जिससे वह घायल हो गया।
मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















