कोरबा। एसईसीएल गेवरा खदान से अदानी पावर जयरामनगर रेलवे साइडिंग तक परिवहन किए जाने वाले कोयले की चोरी के मामले में दीपका थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कोयला चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी महताब आलम की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 444/25 धारा 316(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि 335 टन कोयला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5.76 लाख रुपये है, को गंतव्य तक नहीं पहुंचाकर अवैध रूप से अफरा-तफरी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त 6 ट्रेलर वाहनों को जब्त किया। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण कुमार श्रीवास (25), तुषार खंडे (24), गोपी किशन सोनझरी (22), दुर्गेश कुमार साहू (22) और अतीक मेमन (26) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जब्त किए गए ट्रेलर वाहनों के क्रमांक CG12BG5024, CG12BQ9913, CG12BJ4253, CG15EH2713, CG10BP5301 एवं CG10BU9401 हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दीपका पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















