जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 4442 छात्र हुए शामिल,परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

कोरबा। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठवीं के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा शनिवार को जिले के सभी विकासखंडों में स्थित 21 परीक्षा केंद्रों पर पूरी तरह शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

प्राचार्य के अनुसार, सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छठवीं की कुल 80 सीटों पर प्रवेश के लिए 6133 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 4442 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया।

जिला प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई थीं। केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन बनाए रखने और परीक्षा सुचारू रूप से संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक तथा केंद्राध्यक्ष तैनात किए गए थे।

परीक्षा निर्धारित समय प्रातः 11 बजे से शुरू हुई और बिना किसी अव्यवस्था या अनुचित घटना के सफलतापूर्वक समाप्त हो गई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।