केंद्रीय विद्यालय में ट्रैफिक जागरूकता शिविर: छात्रों ने ली बाइक न लाने की शपथ

कोरबा। एनटीपीसी कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी और उनके पालन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

जागरूकता शिविर के दौरान परिसर में मौजूद छात्रों की दोपहिया वाहनों की जांच की गई, जिसमें कुछ वाहन नियमों के उल्लंघन के कारण जब्त किए गए। पुलिस ने विद्यार्थियों को कम उम्र में वाहन चलाने से होने वाले जोखिमों और दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों से अवगत कराया।

इस अवसर पर छात्रों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में स्कूटी या बाइक लेकर विद्यालय नहीं आएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने शिक्षकों से भी अपील की कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों और उनके पालन के प्रति जागरूक करते रहें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कई बार नियमों के तहत की गई कार्रवाई को अभिभावक गलत नजर से देखते हैं, जबकि यदि अभिभावक स्वयं अपने बच्चों को वाहन न दें तो ऐसी स्थितियों से बचा जा सकता है। यातायात नियमों का पालन करना छात्रों की सुरक्षा और भविष्य दोनों के लिए आवश्यक है।