वार्ड 29 मुड़ापार बस्ती में “नशामुक्त युवा –विकसित भारत” अभियान का भव्य आयोजन, महापौर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

कोरबा। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में वार्ड क्रमांक 29 मुड़ापार बस्ती में “नशामुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के हानिकारक प्रभावों से जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों, महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ जागरूकता पदयात्रा से हुई। पदयात्रा के दौरान नशामुक्ति का संदेश घर-घर पहुंचाया गया और बस्तीवासियों को नशे से दूर रहने की अपील की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बड़ी संख्या में एकत्रित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे केंद्रों को तुरंत बंद कराया जाएगा। महापौर ने समाज को नशे से मुक्त करने के लिए अपना पूर्ण संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में बजरंग दल जिला संयोजक राणा मुखर्जी, मातृशक्ति की श्रीमती संतोषी यादव, विश्व हिंदू परिषद सदस्या श्रीमती कविता सोनी तथा विहिप जिला सह मंत्री राज नारायण गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में नशे के स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की महिलाओं ने जोर देकर कहा कि नशामुक्ति की मजबूत नींव परिवार से ही रखी जा सकती है।

आयोजन के अंत में सभी संगठनों ने संकल्प लिया कि “नशामुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान को निरंतरता प्रदान की जाएगी और इसे व्यापक स्तर पर चलाकर समाज को नशे की बेड़ियों से मुक्त कर एक मजबूत एवं विकसित भारत का निर्माण किया जाएगा।