पतुरियाडांड जंगल में अवैध कोयला खनन: पुलिस-वन विभाग ने ट्रक जब्त किया, दो गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिले से सटे सरगुजा-सूरजपुर सीमा क्षेत्र के मोरगा स्थित पतुरियाडांड जंगल में अवैध कोयला खनन और तस्करी की कोशिश को पुलिस और वन विभाग ने नाकाम कर दिया। पिछली रात तस्करों द्वारा खुदाई किए गए कोयले को ट्रक में लोड कर भागने का प्रयास विफल रहा, पुलिस ने कोयले से भरा एक ट्रक जब्त कर लिया।

ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। तस्करों को आता देख वे ट्रक लेकर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों और वनकर्मियों ने पीछा किया और मोरगा चौकी पुलिस को सूचित किया। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक को रोक लिया। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध कोयला लदा हुआ था। चालक और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम ने बताया कि देर रात मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर वाहन पकड़ा गया और उसे वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पतुरियाडांड क्षेत्र में तस्कर सक्रिय हैं, सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई। पूछताछ में तस्करों के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।