तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलटी:एक की मौत,8 यात्री घायल

जांजगीर-चांपा । रविवार सुबह चांपा रेलवे स्टेशन से गांव कुरदा जा रही एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर ग्राम करनौद में सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ऑटो में सवार सभी नौ यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें से एक यात्री की मौत हो गई।

मृतक की पहचान कुरदा गांव निवासी घासीराम खूंटे (45 वर्ष) के रूप में हुई है। घासीराम अपनी पत्नी के साथ हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे थे। उनकी पत्नी ने बताया कि वे चांपा स्टेशन से ऑटो में सवार हुए थे और घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे ऑटो चालक ने क्षमता से अधिक नौ यात्रियों को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाया। करनौद गांव के पास चालक का नियंत्रण खोने से ऑटो सड़क किनारे पलट गई और सभी यात्री सड़क पर जा गिरे।

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घटना देखी और तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने घासीराम खूंटे को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि घायल घासीराम की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बिर्रा थाने में ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार का नतीजा बताया जा रहा है, जिसने एक परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है।