महतारी वंदन योजना: जल्द नए लाभार्थी जुड़ेंगे, राशि बढ़ोतरी पर भी विचार – मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही इस योजना में नए नाम जोड़ने जा रही है और इसका दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा। एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में मंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिलाओं के हित में लगातार निर्णय ले रही है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने यह भी संकेत दिए कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी को लेकर सरकार जल्द ही निर्णय ले सकती है। इससे प्रदेश की महिलाओं को और अधिक आर्थिक मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना का राज्य में सफल संचालन किया जा रहा है। हाल ही में योजना की 22वीं किस्त जारी की गई है, जिसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। अब तक प्रदेश की लगभग 67 लाख 71 हजार 12 महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुकी हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं परिवार, समाज और राज्य की प्रगति में अहम भूमिका निभाती हैं और उनका सशक्तिकरण ही एक सशक्त प्रदेश की मजबूत नींव है।