धान बिक्री के लिए एग्रीस्टेक पोर्टल में खसरा जोड़ना अनिवार्य, 20 दिसंबर तक लगेंगे विशेष शिविर

कोरबा। जिले के धान खरीदी केंद्रों में पंजीकृत किसानों के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। धान बेचने के लिए अब एग्रीस्टेक पोर्टल में सभी खसरा नंबर जोड़ना अनिवार्य कर दिया गया है। जिन किसानों के खसरे एकीकृत किसान पोर्टल में दर्ज हैं, लेकिन एग्रीस्टेक पोर्टल में अपडेट फार्मर रिक्वेस्ट लंबित है, उन्हें शीघ्र ही यह प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

धान उपार्जन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकरण होना आवश्यक है। इसके साथ ही एग्रीस्टेक पोर्टल में 11 अंकों की फार्मर आईडी बनाकर सभी खसरों का अंकन करना अनिवार्य होगा। 5 दिसंबर तक लंबित आवेदनों वाले किसान स्वयं एग्रीस्टेक पोर्टल, संबंधित सहकारी समिति के लॉगिन अथवा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से खसरा जोड़ सकते हैं। इस प्रक्रिया के लिए ऋण पुस्तिका या बी-1, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर जरूरी होगा।

किसानों तक सूचना पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने, ग्राम पंचायतों एवं समितियों में लंबित किसानों की सूची चस्पा करने तथा कृषक मित्रों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 20 दिसंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां समिति प्रबंधक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और लोक सेवा केंद्रों की वीएलई टीम द्वारा खसरा जोड़ने का कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा जिन किसानों ने अभी तक एग्रीस्टेक पोर्टल में फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उन्हें 15 दिसंबर तक आईडी बनवाकर एकीकृत किसान पोर्टल में कैरी फॉरवर्ड कराने की सलाह दी गई है, ताकि धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।