विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आई गाय और बछड़ा, हादसे से यात्री व्यथित

कोरबा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कोरबा–चांपा रेल सेक्शन में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सरगबुंदिया स्टेशन से आगे विशाखापट्टनम जाने वाली लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक गाय और उसके बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण ट्रेन को काफी देर तक रोके रखना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार कोरबा स्टेशन से निर्धारित समय 4:10 बजे रवाना हुई लिंक एक्सप्रेस लगभग 20 किलोमीटर आगे ही बढ़ी थी कि सरगबुंदिया स्टेशन के आगे रेलवे ट्रैक पर मौजूद गाय और उसका बछड़ा अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा होते ही लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और तत्काल स्टेशन प्रबंधन व जीआरपी को सूचना दी।

मौके पर पहुंची रेलवे व जीआरपी की टीम ने मृत गोवंश को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान लिंक एक्सप्रेस करीब एक घंटे की देरी से बिलासपुर पहुंची। घटना से यात्रियों में दुख और चिंता का माहौल रहा। विलंब के चलते कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं, वहीं कुछ यात्रियों के जरूरी कामकाज भी प्रभावित हुए।