शीतलहर में राहत की पहल, सद्भाव पत्रकार संघ ने पाली में जलवाए अलाव

कोरबा-पाली। जिले में शीतलहर के प्रभाव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से बचाव के लिए जहां लोग अपने स्तर पर सतर्कता बरत रहे हैं, वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा जरूरतमंदों की मदद के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सद्भाव पत्रकार संघ द्वारा पाली नगर में विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई। यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए की गई जो मजबूरीवश रात के समय काम करते हैं और ठंड का अधिक सामना करते हैं। संघ द्वारा बस स्टैंड, हाईवे तिराहा, साप्ताहिक बाजार, लाफा मार्ग सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाए गए।

इस प्रयास से राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने सद्भाव पत्रकार संघ की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।