कोरबा। पावर हब कहे जाने वाले कोरबा जिले में बिजली उपभोक्ताओं की लापरवाही से बकाया राशि 433 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उपभोक्ता बिजली बिल का समय पर भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (CSEB) ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
पिछले एक महीने में 2782 बकायादार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिन पर कुल 12.30 करोड़ रुपये का बिल बकाया था।
बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि इनमें से करीब 1 हजार उपभोक्ताओं ने कनेक्शन काटे जाने के बाद 2.67 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। शेष बकायादारों के खिलाफ विजिलेंस टीम और मैदानी अमला लगातार कार्रवाई में जुटा हुआ है।
बिजली वितरण कंपनी कोरबा सर्किल के एसई बी.के. सरकार ने कहा कि बिल जमा नहीं करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। मैदानी अमले की कमी के बावजूद मैनुअल डिस्कनेक्शन की कार्रवाई जारी है।
जिले में पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है, जिसका ठेका जीनस कंपनी को मिला है। हालांकि रिचार्ज प्लान तय नहीं होने से प्रीपेड सिस्टम अभी शुरू नहीं हो सका है।
फिलहाल पोस्टपेड सिस्टम से ही बिल जारी किए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि कंट्रोल रूम से रिमोट डिस्कनेक्शन की टेस्टिंग सफल रही है, लेकिन इसका उपयोग शुरू करने की गाइडलाइन अभी नहीं आई है।
बिजली विभाग का मानना है कि सख्त कार्रवाई से उपभोक्ता समय पर बिल जमा करने की आदत डालेंगे और बकाया राशि में कमी आएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















