पीएम आवास योजना के तहत 127 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित, अब तक 2232 नए आवास स्वीकृत

कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत कोरबा नगर निगम क्षेत्र में 127 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महापौर संजू देवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने हितग्राहियों को स्वीकृति एवं निर्माण प्रमाण पत्र सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं तथा जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की सलाह दी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करें तथा निर्धारित समयसीमा में पूरा कर लें, ताकि मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के तहत मिलने वाली अतिरिक्त 32,850 रुपये की राशि का लाभ भी प्राप्त हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि निगम प्रशासन की ओर से सभी हितग्राहियों को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा किश्त राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा।

बताया गया कि निगम क्षेत्र में अब तक कुल 2232 नए हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

इस अवसर पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एवं नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ, सहायक नोडल अधिकारी रूचि साहू, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सी.एल.टी.सी. सदस्य धवल शर्मा, हर्ष छत्रवाणी, अंकुश पाटकर, अमन शर्मा, पी.एम.सी. टीम लीडर शशिकांत साहू, प्रभात धीमर, हनीफ खान सहित हितग्राही एवं अन्य लोग उपस्थित थे।