कोरबा जिला बैडमिंटन संघ में नई कार्यकारिणी गठित अशोक शर्मा बने संरक्षक,अशोक अग्रवाल नए अध्यक्ष

कोरबा। कोरबा जिला बैडमिंटन संघ (केडीबीए) की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को टीपी नगर स्थित होटल ऑरा गोल्ड में शाम 7:30 बजे आयोजित हुई। बैठक में संघ की कार्यकारिणी में बड़े बदलाव करते हुए नई टीम गठित की गई।

संघ के गठन से अब तक लगातार 25 वर्ष अध्यक्ष का दायित्व निभाने वाले वरिष्ठ खिलाड़ी एवं पूर्व निगमायुक्त अशोक शर्मा ने स्वेच्छा से पद छोड़ते हुए संरक्षक की जिम्मेदारी स्वीकार की है। उनके स्थान पर अशोक अग्रवाल को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में मनीष गुप्ता को सचिव तथा सोनल फेलिक्स को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर गोपाल शर्मा एवं श्रीमती मधु पांडेय तथा सह-सचिव के पद पर गौतम साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ में नए सदस्य के रूप में तापस खस्तगीर, दीपक सोनी, सूर्यकांत ठाकुर, संजय शाह एवं गौतम साहू को शामिल किया गया।

संरक्षक बनाए जाने पर अशोक शर्मा ने कहा, “संघ में नई ऊर्जा और सशक्त नेतृत्व लाने के उद्देश्य से मैंने अध्यक्ष पद से मुक्ति ली है। पिछले 25 वर्षों में सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और छत्तीसगढ़ राज्य बैडमिंटन संघ का भरपूर सहयोग मिला, इसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं।

आगे भी संघ के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित रहूंगा।”

बैठक में फरवरी 2026 में होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य मास्टर्स बैडमिंटन स्पर्धा की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा हुई। नए पदाधिकारियों ने खेल को बढ़ावा देने और कोरबा को बैडमिंटन के क्षेत्र में और मजबूत बनाने का संकल्प लिया है।