हरकिशन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी एवं “आनंद मेला” फूड फेस्ट, OXCAM के साथ नई AI-भाषा शिक्षा साझेदारी की घोषणा

कोरबा।श्री हरकिशन पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को भव्य विज्ञान प्रदर्शनी और “आनंद मेला” फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा पूरे परिसर में वैज्ञानिक जिज्ञासा और उत्सवी माहौल रहा।

विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों ने पर्यावरण, नवीकरणीय ऊर्जा, रोबोटिक्स, जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक वर्किंग मॉडल, चार्ट और लाइव प्रयोग प्रस्तुत किए। जजों ने कई प्रोजेक्ट्स को सराहा तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

दूसरी ओर “आनंद मेला” में अभिभावकों व शिक्षकों द्वारा लगाए गए 30 से अधिक घरेलू फूड स्टॉल्स पर छत्तीसगढ़ी, उत्तर भारतीय, दक्षिण भारतीय और चाइनीज व्यंजनों की खुशबू से पूरा विद्यालय महक उठा। बच्चों के खेल, टैंट हाउस और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेला को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय ने बड़ी घोषणा की कि अब विद्यालय ने OXCAM Education Services को अपना आधिकारिक भाषा एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) शिक्षा साझेदार बनाया है। इस साझेदारी के तहत अंग्रेजी संचार कौशल, पब्लिक स्पीकिंग तथा AI से संबंधित कोर्स छात्रों को नियमित रूप से पढ़ाए जाएंगे।

प्राचार्य रविंद्र सिंह ने कहा, “हमारे बच्चे न सिर्फ विज्ञान में बल्कि भाषा और तकनीक में भी आगे बढ़ें, इसी उद्देश्य से OXCAM के साथ यह सहयोग शुरू किया गया है। आज का आयोजन हमारे छात्रों की प्रतिभा और अभिभावकों के सहयोग का जीवंत प्रमाण है।”

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और समूह फोटो के साथ हुआ। सभी ने इसे अब तक का सबसे सफल आनंद मेला बताया।