मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ : बस्तर- सरगुजा के 180 और गांव बस सुविधा से जुड़े

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर 24 नई बसें रवाना की, अब तक 430 से अधिक गांव जुड़े

रायपुर। बस्तर और सरगुजा अंचल के सुदूर वनांचलों में ग्रामीण परिवहन को मजबूत आधार देने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने बुधवार को एक और बड़ा कदम बढ़ाया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से योजना के द्वितीय चरण का औपचारिक शुभारंभ किया और वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर नई बसों को रवाना किया।

योजना के दूसरे चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग के 10 जिलों में 23 मार्गों पर 24 नई बसों का संचालन प्रारंभ हुआ है। इस चरण के साथ 180 गांव सीधे बस सुविधा से जुड़ गए हैं। कार्यक्रम में शामिल अनेक ग्रामीण उसी बस से पहुंचे, जिसका संचालन प्रथम चरण में शुरू किया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा करते हुए कहा कि अब दूरस्थ क्षेत्रों से ब्लॉक मुख्यालयों तक पहुँचना पहले की तुलना में काफी आसान, सुरक्षित और समयबद्ध हो गया है।

सुकमा–दोरनापाल–कोंटा मार्ग से पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लगभग 110 किलोमीटर की यात्रा बस से कर पाए, जबकि पहले यह सफर बेहद कठिन और समय लेने वाला होता था।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल परिवहन को बेहतर बना रही है, बल्कि ग्रामीणों को शहरों, सेवाओं और संस्थानों से जोड़ते हुए सामाजिक और आर्थिक समानता को नई दिशा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने 180 गांवों को मिली नई परिवहन सुविधा पर खुशी जताई और कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जिन दुर्गम और वनांचल इलाकों में कभी बस सेवा की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, वहाँ भी अब नियमित बसें चलने लगी हैं। यह योजना विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के जनजातीय बहुल क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के प्रथम चरण की शुरुआत 04 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा की गई थी। उस समय 250 गांवों को बस सेवा से जोड़ा गया था, जबकि अब दूसरे चरण के साथ 180 नए गांव और जुड़ गए हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव, मंत्रिपरिषद के सदस्य, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।