कोरबा। ग्राम खरहरकुड़ा मड़वारानी स्थित एन.के.एम लायंस पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं स्व. नितेश कुमार स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कर्नल अमित यादव (एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर) मुख्य अतिथि और विद्यालय के चेयरमेन पीएमजेएफ डॉ. राजकुमार अग्रवाल अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में सूबेदार रामदेव साहू, हवलदार धर्मेंद्र सिन्हा और हवलदार दुर्गेश कुमार राठौर शामिल हुए।
मुख्य अतिथियों ने भारत माता और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर टूर्नामेंट की शुरुआत की। कर्नल अमित यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद अत्यंत आवश्यक है। जहां शिक्षा से मस्तिष्क का विकास होता है, वहीं खेलकूद से शारीरिक विकास और अनुशासन का बोध बढ़ता है।
विद्यालय के चेयरमेन डॉ. अग्रवाल ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव छात्रों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राचार्य श्रीमती शोमा सोनी ने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले, ताकि वह हर क्षेत्र में आगे बढ़ सके।
कार्यक्रम में एथलेटिक्स, क्रिकेट सहित कई खेल प्रतियोगिताओं की श्रृंखला प्रारंभ की गई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेल अवसर प्रदान करना बच्चों की प्रतिभा और क्षमता को निखारने का सर्वोत्तम माध्यम है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















