कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथियों की लगातार आमद और उत्पात के बीच रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पसान क्षेत्र से स्थिति का जायजा लेकर लौट रहे वनपरिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) मनीष सिंह और चालक की गाड़ी स्टेट हाइवे पर पेड़ से जा टकराई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया इलाके में हाथियों के झुंड के पहुंचने की सूचना पर रेंजर मनीष सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की सलाह दी। हाथी मित्र दल की मदद से झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने के बाद टीम वापस लौट रही थी।
बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान हाथियों की दहशत और चिंता के चलते चालक का ध्यान सड़क से हट गया, जिसके कारण स्कॉर्पियो पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेंजर मनीष सिंह को गंभीर चोटों के चलते बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। चालक की हालत भी स्थिर बताई जा रही है।
जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर पसान क्षेत्र में यह घटना हाथियों की बढ़ती गतिविधियों से उत्पन्न खतरे को एक बार फिर उजागर करती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















