पसान में हाथी के हमले से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत, गांव में दहशत

कोरबा। कोरबा जिले के पसान क्षेत्र के ग्राम गोलाबहरा में रविवार शाम एक हाथी के हमले में 80 वर्षीय वृद्धा इंद्रकुंवर की दर्दनाक मौत हो गई। वृद्धा अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत स्थित खलिहान में धान साफ कर रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से हाथी के अचानक निकलने की आवाज सुनकर वह घबराकर घर की ओर भागने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के भागते ही हाथी तेजी से उसकी ओर बढ़ा और पीछे से हमला कर कुचल दिया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों में हाथियों की गतिविधि को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय खेतों की ओर न जाने की अपील की है।

इधर, हाथियों की बढ़ती आवाजाही से गोलाबहरा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।