कोलकाता शैक्षणिक भ्रमण:कॉलेज के 20 छात्रों ने देखा देश का सबसे बड़ा हरबेरियम, 25 लाख पादप नमूने संरक्षित

कोरबा।शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा के वनस्पति शास्त्र विभाग द्वारा एम.एससी. (वनस्पति शास्त्र) प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के 20 छात्र-छात्राओं के लिए कोलकाता स्थित आचार्य जगदीश चंद्र बोस इंडियन बॉटनिकल गार्डन एवं सेंट्रल नेशनल हरबेरियम का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्व के सबसे बड़े बरगद के पेड़, विक्टोरिया अमेजोनिका, नक्षत्र वाटिका, टैक्सोनॉमिक पार्क और चरक वाटिका का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वनस्पति विविधता का अध्ययन किया। इसके बाद छात्रों ने देश के सबसे बड़े हरबेरियम सेंट्रल नेशनल हरबेरियम का अवलोकन किया, जहाँ लगभग 25 लाख पादप नमूने (स्पेसिमेन) संरक्षित हैं।

गार्डन के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह तथा वनस्पति शास्त्री डॉ. दीप्ति डे ने विद्यार्थियों को दुर्लभ एवं संकटापन्न प्रजातियों के संरक्षण, हरबेरियम तकनीक और अनुसंधान प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बिरला प्लैनेटोरियम, साइंस सिटी और विक्टोरिया मेमोरियल का भी दौरा किया, जिससे उन्हें विज्ञान, इतिहास और पर्यावरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं।

इस भ्रमण में वनस्पति शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेणुबाला शर्मा, सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप शुक्ला, सुशील अग्रवाल एवं डोलामणी साहू उपस्थित रहे।