कोरबा।कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को गीतांजलि भवन (पुराना बस स्टैंड) में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता-2025 (महिला वर्ग) का शानदार आयोजन किया गया। स्कूली छात्राओं और पतंजलि महिला टीम की आकर्षक योगासन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहीं। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, प्रमोद अग्रवाल, संजय कुर्मीवंशी, दुर्गेश राठौर, सचिन विश्वकर्मा, एसोसिएशन की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद थे।


महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा, “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग हर उम्र के व्यक्ति के लिए बेहद जरूरी है। यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है। ऐसे आयोजन अधिक लोगों को योग से जोड़ने में सहायक हैं।”
मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने योग की प्राचीनता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “ऋषि-मुनि योग द्वारा ही रोगों का उपचार करते थे। आज विज्ञान ने भी योग के लाभ सिद्ध किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरी दुनिया योग मना रही है, जो भारत की संस्कृति के लिए गौरव की बात है।”
मंत्री ने एसोसिएशन के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को मंच देने के साथ-साथ समाज में योग के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया और अतिथियों तथा उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















