कोरबा।शहर का सबसे व्यस्त और चर्चित सुनालिया चौक आज भी भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। वर्षों से यह क्षेत्र जाम की गंभीर बीमारी से ग्रस्त है। हालात ऐसे कि ब्रिज चौड़ा होने और नहर किनारे सड़क बढ़ाए जाने के बावजूद भी यातायात की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो पाया है।
दरअसल, सुनालिया चौक के पास स्थित पावर हाउस रोड शहर का प्रमुख व्यावसायिक इलाका है। ऊपर से पुराना बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की मुख्य आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। ऐसे में यहां लगभग हर समय “दार्शनिक जाम” लगा ही रहता है। स्थिति तब और जटिल हो जाती है, जब पास के संजय नगर और शारदा विहार रेलवे फाटक खुलते-बंद होते रहते हैं। सिग्नल का इंतज़ार तो दूर, कई बार पूरा चौक ही सिग्नल बन जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल भले चौड़ा कर दिया गया हो, लेकिन सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, दुकानदारों का अतिक्रमण और प्रशासन की ढिलाई ने सड़क को फिर उतना ही संकरा बना दिया है जितना पहले था। अस्थायी रूप से लगी दुकानें अब लगभग स्थायी ढांचे का रूप ले चुकी हैं और ट्रैफिक की राह में बड़ी बाधा बनी हुई हैं।
शहरवासियों ने कई बार शिकायतें कीं, परंतु अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। जानकारों का कहना है कि पावर हाउस रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास और अतिक्रमण हटाने की ठोस पहल अत्यंत आवश्यक है।
फिलहाल बड़ा सवाल यही है जाम की समस्या का स्थायी समाधान कब मिलेगा? या फिर सुनालिया चौक आने वाली पीढ़ियों के लिए भी ‘ट्रैफिक दर्शन’ का केंद्र बना रहेगा?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















