जशपुर: NH-43 पर भयानक हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, खटंगा गांव के 5 युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत

दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली में देर रात हुआ हादसा, मेले से लौट रहे थे सभी दोस्त, परिजनों में कोहराम

जशपुर। जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में कटनी-गुमला नेशनल हाईवे-43 पर देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान खटंगा गांव (दुलदुला) निवासी राधेश्याम यादव (26) पुत्र रामप्रसाद यादव, उदय कुमार चौहान (18) पुत्र कृष्ण चौहान, सागर तिर्की (22) पुत्र रफेल तिर्की, अंकित तिग्गा (17) पुत्र दिलीप तिग्गा तथा दीपक प्रधान (19) पुत्र अमर प्रधान के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि सभी युवक आस्ता थाना क्षेत्र में आयोजित मेले से देर रात घर लौट रहे थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक दीपक प्रधान अपने परिवार का इकलौता सहारा था।

दुलदुला थाना प्रभारी केके साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण लग रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।