कोरबा। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता से नौकरी देने की मांग को लेकर शनिवार को छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (गैर राजनीतिक संगठन) के कार्यकर्ता बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए पहुँचे। प्रदर्शन शुरू होते ही पहले से तैनात पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और बसों से कुसमुंडा थाना भेजा।
संगठन के सदस्यों का आरोप है कि संबंधित निजी कंपनी ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन न तो पुलिस सत्यापन प्रक्रिया पूरी की गई और न ही सूचीबद्ध स्थानीय वाहन चालकों को नियुक्त किया गया।
इसके उलट बाहरी राज्यों से लगातार चालकों की भर्ती की जा रही है, जिससे बेरोजगार युवाओं में भारी आक्रोश है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने गेट जाम होने से पहले ही सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना की जानकारी संगठन ने कलेक्टर, एसडीएम, पुलिस अधीक्षक, एसईसीएल प्रबंधन और कंपनी को पूर्व में भेजे पत्र में भी दी थी।
क्रान्ति सेना ने चेतावनी दी है कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और भी व्यापक रूप लेगा। फिलहाल कुसमुंडा थाना परिसर के बाहर संगठन के अन्य सदस्य भी जुटने लगे हैं, जिस पर पुलिस की कड़ी निगरानी बनी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















