तृतीय सोपान जांच शिविर और कब–बुलबुल उत्सव में ग्रैंड कैम्प फायर, 400 से अधिक प्रतिभागियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा आयोजित तृतीय सोपान एवं निपुण जांच शिविर तथा कब–बुलबुल उत्सव 2025 के तहत शुक्रवार शाम विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, एचटीपीपी में ग्रैंड कैम्प फायर का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पांचों विकासखंडों से आए 400 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, कब और बुलबुल ने लोक संस्कृति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हसदेव ताप विद्युत गृह के अतिरिक्त मुख्य अभियंता (एफएम) केएनबी राव ने कहा कि स्काउट आंदोलन युवाओं में नैतिकता, अनुशासन और समाज सेवा की भावना विकसित कर उन्हें देश का उपयोगी नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी बताया कि एचटीपीपी प्रबंधन स्काउट्स के डिजास्टर मैनेजमेंट और साइबर सुरक्षा जैसे पाठ्यक्रमों का लाभ अपने संस्थान में भी उठाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने की। उन्होंने स्वागत उद्बोधन देकर जिले में स्काउट– गाइड संगठन की गतिविधियों से उपस्थित अतिथियों को अवगत कराया। विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता अजय सिंह कोराम, जनसंपर्क अधिकारी बसंत शाहजीत एवं प्रशासनिक अधिकारी अनूप पात्रे ने भी प्रतिभागियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कैम्प प्रतिवेदन डीगम्बर सिंह कौशिक द्वारा प्रस्तुत किया गया, जबकि संचालन पुष्पा शांडिल्य ने किया। कार्यक्रम से पहले बुलबुल ग्रिटिंग और कब की विशाल गर्जना द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
फैंसी ड्रेस में कब और बुलबुल द्वारा दी गई आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। स्काउट रितेश यादव और गाइड प्राची ने कैंप इम्प्रेशन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में जिला सचिव भरत सिंह वर्मा, जिला मुख्यालय आयुक्त विवेक लांडे सहित सभी प्रशिक्षक एवं लीडर ऑफ कोर्स उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















