राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई:3.38 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद,2गिरफ्तार

राजनांदगांव। बसंतपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 5 दिसंबर को 3 लाख 38 हजार रुपये से अधिक कीमत की 272.100 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।

इस मामले में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कार सवार एक अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहा।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तुमड़ीबोड से राजनांदगांव की ओर एक काले रंग की टोयोटा अल्टीस कार (क्रमांक CG 04 JF 1800) में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना पर बसंतपुर थाना प्रभारी ऐमन साहू के नेतृत्व में टीम ने आरके नगर चौक के पास नाकाबंदी कर दी।

नाकाबंदी देखकर कार चालक ने रफ्तार बढ़ाई और कमला कॉलेज रोड होते हुए कौरिनभांठा की ओर भागने लगा।

पुलिस ने पीछा कर ठाकुरटोला के पास घेराबंदी की और कार को रोक लिया। तलाशी में कार से मैकडॉवेल नंबर-1, रॉयल चैलेंजर्स गोल्डी, रॉयल स्टैग, सिग्नेचर प्राइम गैंग, ओल्ड मंक, ब्लेंडर्स प्राइड और गोवा ब्रांड की महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज आचार्य (38, निवासी बोरसी, दुर्ग) और रोशन साहू (26, निवासी धौराभांठा, धमधा) के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।