रायपुर एयरपोर्ट पर तीसरे दिन भी उड़ानें ठप, इंडिगो की 6 फ्लाइट रद्द; दिल्ली-मुंबई रूट सबसे ज्यादा प्रभावित, यात्री भड़के          

DGCA के नए नियमों से मचा हाहाकार, मुंबई-रायपुर कनेक्शन पूरी तरह बंद; शादी के सीजन में यात्रियों की बढ़ी मुश्किल, कई ट्रेन की ओर भागे

रायपुर । राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में फ्लाइट संचालन की दिक्कतें शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहीं। DGCA के नए नियमों ने उड़ानों के शेड्यूल को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिसका सबसे ज्यादा असर इंडिगो की उड़ानों पर पड़ा। शुक्रवार को इंडिगो की करीब 6 उड़ानें रद्द हो गईं। शहर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और इंदौर के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किन रूटों पर सबसे ज्यादा असर?

दिल्ली-रायपुर-दिल्ली रूट पर इंडिगो की 5 फ्लाइटें बंद

मुंबई-रायपुर-मुंबई की तीनों नियमित उड़ानें नहीं चलीं

अहमदाबाद, कोलकाता, लखनऊ और बेंगलुरु रूट पर कई घंटे की देरी

रायपुर–मुंबई पूरी तरह से कनेक्टिविटी बंद

यात्रियों का गुस्सा फूटा दो दिनों से लगातार गलत जानकारी मिलने से यात्री भड़क उठे। लोग एयरलाइंस और एयरपोर्ट स्टाफ पर समय पर अपडेट न देने का आरोप लगाते रहे।

टिकटों के दाम दोगुने उड़ानें रद्द होते ही दूसरे एयरलाइन टिकटों के दाम 5-6 हजार से बढ़कर 12-15 हजार तक पहुंच गए। लोगों को मजबूरन ज्यादा पैसे देकर टिकट खरीदने पड़े।

✈️ कोलकाता-लखनऊ फ्लाइट के यात्री रायपुर में फंसे कोलकाता से लखनऊ जा रही फ्लाइट को रायपुर में रोककर यात्रियों को उतार दिया गया। लखनऊ न भेजे जाने पर यात्री देर रात तक विमान में बैठे रहे और स्थिति विवाद तक पहुंच गई।

ट्रेन की ओर दौड़ पड़े यात्री फ्लाइट रद्द होने से लोग बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन पहुंचे। भीड़ बढ़ने पर रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की।

शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ी परेशानी फ्लाइट रद्द होने से समयबद्ध कार्यक्रमों, विशेषकर शादी-ब्याह के लिए यात्रा कर रहे परिवारों को भारी असुविधा हुई।

आज से मिल सकती है राहत संकट के तीसरे दिन DGCA ने नियमों में कुछ ढील दी है, जिससे उम्मीद है कि शनिवार से उड़ानों की स्थिति सामान्य हो सकती है।