कोरबा। कड़ाके की ठंड ने पूरे कोरबा को अपनी चपेट में ले रखा है। ऐसे में जिनके पास न छत है, न गर्म कपड़े, उनके लिए रातें किसी दंश से कम नहीं। लेकिन इस कड़कड़ाती ठंड में भी मानवता अभी जिंदा है।
मानव सेवा मिशन, बालको की टीम ने एक बार फिर अपनी परंपरा को जारी रखते हुए गुरुवार देर रात कोरबा शहर की सड़कों पर उतर आई।
टीम के सदस्य रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, फुटपाथों और चौक-चौराहों पर घूम-घूमकर उन बेसहारा, घुमंतू और जरूरतमंद लोगों की तलाश करते रहे जो खुले आसमान के नीचे ठिठुर रहे थे। हर जरूरतमंद को नए गर्म कंबल ओढ़ाकर टीम ने उनकी रात को थोड़ा सुकून भरा कर दिया।
कंबल पाकर कई बुजुर्गों की आँखें भर आईं, तो कुछ बच्चों ने मुस्कुराते हुए टीम को धन्यवाद कहा। एक बुजुर्ग महिला ने हाथ जोड़कर कहा, “भगवान तुम सबको सलामत रखे बेटा, आज रात हम सो पाएंगे।”
टीम मानव सेवा मिशन की यह मुहिम कोई पहली बार नहीं है। ठंड शुरू होते ही हर साल ये लोग रात के अंधेरे में निकल पड़ते हैं ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न रहे।
टीम के सदस्यों ने बताया, “हमारे लिए सबसे बड़ा सुकून यही है कि आज रात कई लोग गर्म कंबल में लिपटकर सो सकेंगे।
जरूरतमंदों की सेवा में हम हमेशा तत्पर हैं और आगे भी रहेंगे।”
मानव सेवा मिशन, बालको की इस पहल को शहरवासियों ने भी खूब सराहा है। लोग सोशल मीडिया पर टीम को सलाम कर रहे हैं और इसे सच्ची मानव सेवा का उदाहरण बता रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

