कोरबा। सोशल मीडिया आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) के लिए एक शक्तिशाली हथियार है, इसे विज्ञान के वरदान की तरह इस्तेमाल करें, न कि नकारात्मकता का माध्यम बनाएं।
यह संदेश कोरबा प्रेस क्लब के सदस्य एवं युवा शिक्षाविद् विकास पांडेय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय कोरबा की रासेयो इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर में दिया।
पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम सिंघिया में चल रहे इस शिविर के दूसरे दिन द्वितीय बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए श्री पांडेय ने कहा, “सोशल मीडिया में सकारात्मक विचार डालकर आप अपना भविष्य संवार सकते हैं, लेकिन लापरवाही या नकारात्मकता आपको और आपके अपनों को अंधेरे में धकेल सकती है। इसलिए ऑनलाइन हमेशा सजग, सावधान और जागरूक रहें।”
शिविर के पहले दिन ग्राम पंचायत सरपंच मनोज कुमार टेकाम, जनपद सदस्य चतुर्भुवन नायक, उपसरपंच देवनारायण डिक्सेना एवं सेजेस स्कूल के कार्यक्रम अधिकारी मदन सिंह शांडिल्य ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने गांव में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।
प्रथम सत्र में सेजेस स्कूल की प्राचार्या श्रीमती संगीता साव ने अपने रासेयो दिनों को याद करते हुए छात्रों को समाजसेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. जीपी भास्कर ने रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती पर विस्तृत जानकारी दी।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा एवं रासेयो समन्वयक डॉ. पीके सांगोड़ए के मार्गदर्शन में चल रहे इस शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन भारद्वाज एवं डॉ. साधना साहा कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















