खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव,इलाके में दहशत

करतला विकासखंड के ग्राम औराई के पास सनसनीखेज वारदात, पुलिस-फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

कोरबा। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत औराई के पास उस समय पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जब रविवार देर रात एक खेत में अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिला। सबसे हैरान करने वाली और भयावह बात यह रही कि मृतक के गुप्तांग पूरी तरह क्षत-विक्षत कर दिए गए थे, जिससे यह साफ हो रहा है कि हत्यारे ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही करतला पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम (FIR) की मदद से शव और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के गांवों में लगातार पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को लग रहा है कि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई ताकि शिनाख्त मुश्किल हो जाए। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने हत्या, पुरानी रंजिश, लूट या फिर किसी संगीन आपराधिक साजिश की आशंका से इंकार नहीं किया है।

घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात में घरों से निकलने से डर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने भी जांच की लगातार मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद और सटीक जानकारी सामने आ सकेगी।