कोरबा। सर्वेश्वरी समूह शाखा बालको के तत्वावधान में एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोरबा के सहयोग से शनिवार को श्री अवधूत भगवान राम सेवा आश्रम परिसर में दिनभर का विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में 250 से ज्यादा ग्रामीण एवं शहरवासियों ने विभिन्न बीमारियों की जांच कराई और निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जुकाम-खांसी, चर्म रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, पेट की बीमारियां, स्त्री रोग, नेत्र रोग, गठिया, वात रोग, बवासीर, जोड़ों का दर्द सहित तमाम बीमारियों की जांच की तथा मौके पर ही नि:शुल्क दवाएं वितरित कीं। रक्त जांच के लिए अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन आदि की जांच कराई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत रहीं। महापौर ने सभी चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनकी निःस्वार्थ सेवा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस मौके पर पार्षद संतोष शांडिल्य, सत्येंद्र दुबे, रामायण सूर्यवंशी, आर.के. द्विवेदी, राजकुमारी देवांगन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
चिकित्सा टीम में डॉ. निषाद दत्ता, डॉ. लक्ष्मीकांत पटेल, डॉ. नागज्योति राठौड़, डॉ. दिव्या, ममता कुर्रे, विक्रम भीतर, सेकंड लकड़ा, मां कुंवर मरकाम, सुनीता शाह, वीरेंद्र कुमार साहू, उमेश कुमार, हरीश कुमार कश्यप एवं नीरज कुमार साहू आदि पूरे दिन मरीजों की सेवा में तत्पर रहे।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा, “आज के भागदौड़ भरे जीवन में स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है। डॉक्टर सच्चे अर्थों में मानवता के रक्षक हैं। ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं।”
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि दूर-दराज के लोगों तक अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।
शिविर के सफल आयोजन पर स्थानीय लोगों ने सर्वेश्वरी समूह और चिकित्सा टीम को धन्यवाद दिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















