कोरबा। टीपी नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम ऐश्वर्या डेयरी के पास शुक्रवार दोपहर एक बार फिर लापरवाही का शिकार कोई बनते-बनते बचा। दूध लेने रुका एक युवक अपनी बाइक खड़ी कर दुकान की ओर गया ही था कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार आदर्श बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बस के आगे के पहिए में फंस गई और करीब 5 मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि युवक उस समय बाइक से उतर चुका था, वरना जानलेवा हादसा हो जाता।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस चालक ने न तो ब्रेक लगाया और न ही हॉर्न दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने बस का नंबर नोट किया और टीपी नगर पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टीपी नगर चौक से लेकर रजगामार रोड तक आए दिन बस और बड़े वाहनों की लापरवाही से हादसे हो रहे हैं। तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते यह क्षेत्र दुर्घटना जोन बनता जा रहा है।
व्यापारियों व राहगीरों ने ट्रैफिक पुलिस से चौक पर स्थायी निगरानी और बस चालकों पर सख्ती की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

