कोरबा। दीपका पुलिस ने चार माह से फरार चल रहे पिता के हत्यारे पुत्र शंकर खांडे (30) को गिरफ्त में ले लिया है।
जुलाई के पहले सप्ताह में शराब के नशे में उसने अपने पिता परशराम खांडे की बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हैदराबाद भाग गया था और वहां छिपकर रह रहा था।
सहायक उपनिरीक्षक जीतेश सिंह ने बताया कि 7 जुलाई 2025 को सिरकी क्षेत्र में यह घटना हुई थी। आरोपी नशे की हालत में किसी बात को लेकर पिता से विवाद में उलझ गया। बहसबाजी बढ़ने पर शंकर ने अपने पिता परशराम की बुरी तरह पिटाई की और फिर वहशीपन की हद पार करते हुए उनकी हत्या कर दी। पिता की मौत की पुष्टि होते ही वह मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद दीपका थाना ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से शंकर लगातार ठिकाने बदलता रहा और अंत में हैदराबाद जा पहुंचा।
पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी। जैसे ही उसके वापस लौटने की सूचना मिली, टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

