कोरबा-कटघोरा। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया तेज होते ही अवैध भंडारण पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
सोमवार को संयुक्त जांच दल ने तीन अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 90 क्विंटल अवैध धान जप्त किया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने अवैध गतिविधियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तहसीलदार कटघोरा सूर्यप्रकाश केशकर, खाद्य निरीक्षक सुरेन्द्र लांझी तथा कृषि उपज मंडी समिति कटघोरा के सहायक ग्रेड-2 राजेश झारिया की टीम ने कटघोरा, छिर्रा एवं पुरानी बस्ती क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों और गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में बिना अनुमति भंडारित धान पाया गया।
कार्रवाई में कटघोरा के व्यापारी दिलीप कुमार अग्रवाल के पास 16.80 क्विंटल, दुर्गा प्रसाद अग्रवाल के पास 11.20 क्विंटल, छिर्रा के भागवत प्रसाद जायसवाल के पास 16 क्विंटल और पुरानी बस्ती के यतीश जायसवाल के पास 46 क्विंटल धान जब्त किया गया।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि धान खरीदी को सुचारू रखने के लिए अवैध भंडारण पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने व्यापारियों और नागरिकों से नियमों का पालन करने तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत देने की अपील की है। जिले के 65 उपार्जन केन्द्रों में खरीदी जारी है और संदिग्ध धान के खपने से रोकने निगरानी समितियां सक्रिय हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
