24 घंटे में दो भयंकर ट्रेलर हादसे, केबिन में फंसे दोनों चालक जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कर बचाए गए

कोरबा। कोरबा जिले में महज 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में दो ट्रेलर चालक केबिन में फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पहला हादसा 23 नवंबर की देर रात करीब 12 बजे सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग पर सोनपुरी पुल के पास हुआ।

कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कोयला ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग व सीट के बीच बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों ने तुरंत सर्वमंगला पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को काट-कूटकर बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया।

दूसरा हादसा अगले दिन यानी 24 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे उरगा थाना क्षेत्र के कनबेरी मुख्य मार्ग पर हुआ। यहां राखड़ से भरा एक ट्रेलर और डीजल से लदा टैंकर आमने-सामने भिड़ गए।

ट्रेलर का केबिन पूरी तरह दब गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

जेसीबी मशीन की मदद से डीजल टैंकर को हटाया गया, इसके बाद फंसे चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

विशेषज्ञों के अनुसार कोयला और राखड़ परिवहन में ठेकेदारों का चालकों पर अधिक ट्रिप पूरा करने का दबाव, नींद की कमी, व्यस्त मार्गों पर भारी ट्रैफिक, आवारा मवेशी और कुछ डेंजर स्पॉट इन हादसों के प्रमुख कारण हैं।

हालांकि नेशनल हाईवे-130 पर कुछ महीने पहले डेंजर स्पॉट सुधारने के साथ पेड़ों पर रेडियम स्ट्रिप लगाए गए हैं, फिर भी ग्रामीण व कनवेरी मार्गों पर ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।