रायपुर। मुख्यमंत्री साय ने रविवार को शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन 55 परियोजनाओं के तहत राज्य के 26 जिलों में 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण मकान बनाए जाएंगे। इसी अवसर पर उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के एआई चैटबॉट और नए पोर्टल का भी लोकार्पण किया, जिसके माध्यम से उपभोक्ता परियोजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हाउसिंग बोर्ड की वर्तमान टीम नवाचार के साथ बेहतर तरीके से काम कर रही है। राज्य सरकार ने बोर्ड के 790 करोड़ रुपये के कर्ज को चुका कर उसे पूरी तरह कर्जमुक्त कर दिया है ताकि वह नई रणनीति के साथ काम कर सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में 26 लाख लोगों को आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार तथा बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवासों की मंजूरी भी दी गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवास बुकिंग प्रमाण पत्र, आवास की चाबी और फ्री होल्ड मकान के प्रमाण पत्र भी लाभार्थियों को वितरित किए।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आवास मेले की लोकप्रियता इतनी अधिक है कि आयोजन स्थल के आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि राज्य में जरूरतमंद परिवारों को मकान उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने बजट में 14 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड अब 790 करोड़ रुपये के कर्ज से मुक्त है और पिछले एक वर्ष में 672 करोड़ का कारोबार किया है। सरकार ने लैंड डायवर्सन और फ्री होल्ड में रियायत देकर उपभोक्ताओं और बोर्ड को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड अब उपभोक्ताओं की मांग के आधार पर परियोजनाएं शुरू करेगा।
हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने बताया कि बोर्ड राज्य के सभी जिलों में आवासीय परियोजनाएं शुरू करेगा और आगे सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी विस्तार की योजना है।
गौरतलब है कि बीटीआई ग्राउंड में आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवंबर तक चलेगा। पहले ही दिन सुबह से बड़ी संख्या में लोग आवासीय परियोजनाओं की जानकारी लेने और मकान बुक कराने पहुंचे, जिसके कारण शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट से खम्हारडीह रोड तक जाम की स्थिति बन गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

