रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ट्रेडिंग फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) से गिरफ्तार किया है। यह गैंग देशभर में अब तक 200 से अधिक साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे चुका है। गिरोह द्वारा 10 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन भी सामने आया है।
ऐसे फँसे उद्योगपति दंपत्ति
ढिमरापुर निवासी एक उद्योगपति दंपत्ति यूट्यूब पर शेयर ट्रेडिंग के विज्ञापन में आए लिंक के जरिए ठगों के संपर्क में आए। खुद को यूके-इंडिया चैनल से जुड़ा बताने वाले ठग ने उन्हें एक ऐप डाउनलोड करवाकर निवेश का झाँसा दिया।
20 मई से 30 अगस्त के बीच दंपत्ति से 1 करोड़ 08 लाख 44 हजार 025 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए।
जुलाई में एक बार में 32 लाख रुपये निवेश करने पर ऐप में उनकी राशि 42 करोड़ रुपये दिखा दी गई। रकम निकालने पर उनसे 5 लाख रुपये ब्रोकरेज शुल्क भी वसूला गया, जिसके बाद कॉलर गायब हो गया।
7 सितंबर को पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे मिला पुलिस को सुराग
एसपी दिव्यांग पटेल ने केस की मॉनिटरिंग करते हुए साइबर सेल और कोतवाली टीम को जांच के निर्देश दिए। बैंक विवरण और लिंक मोबाइल नंबरों की गहराई से जांच में सामने आया कि पीड़ित के भेजे 32.50 लाख रुपये श्रीनगर निवासी यासीर शॉफी चारलू के खाते में गए थे।
एक-एक करके पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने श्रीनगर में छापा मारकर सबसे पहले यासीर को पकड़ा।
यासीर ने खुलासा किया कि उसने रकम मेहराज असाई को ट्रांसफर की।
फिर मेहराज गिरफ्तार हुआ।
उससे पूछताछ में उसके बेटे अर्शलान अफॉक और आरोपी साकीब फारूखदार की संलिप्तता सामने आई।
दोनों को भी पुलिस ने दबोच लिया।
जांच में यह पुष्टि हुई कि उद्योगपति दंपत्ति के पूरे 1.08 करोड़ रुपये इसी गिरोह के खातों में जमा हुए थे।
गिरोह पर देशभर में 200 से अधिक शिकायतें
पुलिस को गिरोह के खातों की पड़ताल में पता चला कि इनके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 200 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
साइबर फ्रॉड की पुष्टि के बाद केस में धारा 111, 3(5) बीएनएस व आईटी एक्ट 66(D) जोड़ा गया है।
आरोपियों से चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
राशि रिकवरी की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ यासीर शॉफी चारलू, 23 वर्ष
2️⃣ साकीब फारूखदार, 24 वर्ष
3️⃣ मेहराजउद्दीन असाई, 57 वर्ष
4️⃣ अर्शलन अफॉक, 21 वर्ष
सभी निवासी – श्रीनगर, जम्मू एवं कश्मीर
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















