वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 70 अधिकारियों की टीम ने 7 घरों पर मारा छापा, साल सहित लाखों का अवैध ईमारती लकड़ी जब्त

कोरबा। कोरबा वनमंडल में अवैध कटाई और वन संपदा की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर गठित 70 से अधिक वन अधिकारियों की संयुक्त टीम ने करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम जोगीपाली-नवाडीह में 6 कथित अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के 7 घरों पर एक साथ छापेमारी की।

उपवनमंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा के नेतृत्व में करतला, पसरखेत, बालको, कुदमुरा, लेमरु और कोरबा परिक्षेत्र के अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा जारी सर्च वारंट के तहत तलाशी ली। इस दौरान बड़ी मात्रा में खम्हार, साल और अन्य प्रजातियों के अवैध ईमारती लकड़ी (पल्ला, चौखट, स्कैंटलिंग आदि) बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

थाना प्रभारी करतला एवं स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। किसी भी प्रकार का विरोध या विवाद नहीं हुआ। जब्त माल की अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बालको परिक्षेत्र के ग्राम माखुरपानी निवासी तीजराम मंझवार के घर छापा मारकर बीजाप्रजाति के 70 पल्ले, साल के 8 चौखट व 20 पाये जब्त किए गए थे और उसके विरुद्ध भी वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था।

मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर वृत्त एवं वनमंडलाधिकारी कोरबा के निर्देश पर जिले में अवैध वन कटाई, उत्खनन और वन्यजीव शिकार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है।