कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के तराईडांड में हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पहले 19 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने पाली थाना क्षेत्र से तीन और आरोपियों लक्ष्मीनारायण श्याम, विनोद कुमार सलाम और अक्षय कुमार पावले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हथियार एवं डकैती में उपयोग की गई रकम का एक हिस्सा भी जब्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने गिरफ्तारी का किया विरोध
आरोपियों को मेडिकल जाँच के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहाँ बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहुँच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोष युवकों को पकड़कर झूठे केस में फंसा दिया है और मारपीट भी की गई है। कुछ देर तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
6 तारीख की रात हुई थी वारदात
मामला 6 नवंबर की रात का है, जब तराईडांड निवासी शत्रुघ्न दास के घर में देर रात करीब 1 बजे एक दर्जन से अधिक नकाबपोश डकैत पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए। उन्होंने घर के करीब 11 सदस्यों को रस्सी से बाँधकर बंधक बनाया और हथियार की नोक पर डेढ़ लाख रुपये नकद, साथ ही सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
सौम्या चौरसिया का नाम लेकर पूछा था सवाल
डकैती के दौरान एक हैरान करने वाला तथ्य सामने आया।
डकैतों ने शत्रुघ्न दास से पूछा “सौम्या चौरसिया का पैसा कहाँ रखा है?”
शत्रुघ्न की बेटी सौम्या रायपुर में पढ़ाई कर रही है और उनके घर का आना-जाना था। इसी संबंध को लेकर कई तरह की चर्चा फैल गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच को और विस्तृत किया।
कैसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने इस मामले में लगभग 5 अलग-अलग टीम बनाई थीं, जिनमें 50 से अधिक अधिकारी और जवान शामिल थे। जांच के दौरान लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर आरोपी कोरबा, जांजगीर-चांपा, शक्ति और बिलासपुर से पकड़े गए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

