घरेलू कलह से तंग आकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों ने सास–ससुर पर प्रताड़ना का आरोप

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत अमरैया पारा बस्ती में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता ने घर में लोहे के एंगल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर तहसीलदार की मौजूदगी में आगे की जांच शुरू की।

मृतका की पहचान 22 वर्षीय मधु सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो जांजगीर जिले के खोखरा गांव की रहने वाली थी। करीब नौ माह पहले उसने अमरैया पारा निवासी अरुण कोसले से लव मैरिज की थी और शादी के बाद से ससुराल में निवास कर रही थी।

शनिवार सुबह लगभग 11 बजे मधु का फांसी पर झूलता हुआ शव मिला। घटना के समय घर में सास-ससुर मौजूद थे, जबकि पति अरुण टीपी नगर स्थित गैरेज में काम पर गया था। उसे फोन पर पत्नी की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुँचा और पुलिस को सूचना दी।

घटना की खबर लगते ही मृतका के परिजन कोरबा पहुँचे और सास-ससुर पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए। मधु की मां अंबिका बाई ने बताया कि शादी के बाद बेटी फोन पर बताती थी कि ससुराल वाले ‘लव मैरिज’ और ‘सामान न लाने’ की बात कहकर ताने देते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। परिजनों का दावा है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह चाय बनाने को लेकर सास के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके कुछ समय बाद यह घटना हुई। मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।