अवैध धान पर प्रशासन की सख्ती: पाली के निरधी में 20 क्विंटल धान जब्त

कोरबा। जिला प्रशासन ने अवैध धान के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ ही कालाबाजारी और गैर-कानूनी भंडारण पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इस कड़ी में बुधवार को पाली तहसील के ग्राम निरधी में बड़ी कार्रवाई हुई। नायब तहसीलदार सुजीत कुमार पाटले और राजस्व निरीक्षक श्रीमती अंजली पैकरा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने छापेमारी की। एक ग्रामीण के घर से 20 क्विंटल (50 कट्टा) धान बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारित मिला।

धान मालिक द्वारा पंजीकृत किसान होने का प्रमाण, बारदाना टोकन या कोई अन्य वैध कागजात पेश नहीं करने पर पूरी खेप जब्त कर ली गई। जब्त धान को कोटवार पोड़ी की अभिरक्षा में पंचायत भवन पोड़ी में सुरक्षित जमा कराया गया है।

कलेक्टरअजीत वसंत के निर्देश पर जिले में अवैध धान के परिवहन, भंडारण और विक्रय करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि केवल पंजीकृत किसान ही समर्थन मूल्य पर धान बेचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।